मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

दिसंबर महीने में बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए 26,914 यात्री : 01 करोड़ 45 लाख रुपये का जुर्माना वसूल

पुणे, जनवरी (ह.ए. प्रतिनिधि)

पुणे रेल मंडल पर दिसंबर महीने में टिकट जांच के दौरान 26 हज़ार 914 लोगों को  बिना टिकट यात्रा करते पाया गया और उनसे  01 करोड़ 45 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। इसी के साथ 27 लोगों को अनियमित रूप से यात्रा करने पर 11 हज़ार 600 रुपए जुर्माना लगाया गया जबकि बिना बुक किए गए सामान को ले जाते हुए 148 लोगों से 22 हज़ार 800 रुपए जुर्माना राशि वसूल की गई है। इस वर्ष अप्रैल से दिसंबर के नौ महिने की अवधि में बिना टिकट, अनियमित यात्रा करते हुए पाए जाने पर 1 लाख 34 हज़ार यात्रियों से जुर्माने के रूप में 05 करोड़ 95 लाख रुपये से अधिक जुर्माना वसूल किया गया।
उक्त कार्रवाई मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रकाश उपाध्याय एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील मिश्रा के मार्गदर्शन में तथा मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्याम कुलकर्णी, सहायक वाणिज्य प्रबंधक एस. वी.एन. सुभाष के नेतृत्व में टिकट जांच निरीक्षकों तथा रेल सुरक्षा बल के सहयोग से की गई। 
रेल प्रशासन द्वारा इस प्रकार की टिकट जांच नियमित तौर पर चलाई जा रही है। यात्रियों से अनुरोध किया जाता है कि वे उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें। वर्तमान में केवल कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को ही यात्रा करने की अनुमति दी गई है, अतः वे कन्फर्म टिकट लेकर ही यात्रा पर निकलें अन्यथा उन्हें रेल अधिनियम के तहत जुर्माना देना होगा तथा न भरने की स्थिति में जेल की सजा भी हो सकती है।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ