मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक, दक्षिण कमान, पुणे कार्यालय में हिन्दी पखवाड़े के शुभारंभ कार्यक्रम का धूमधाम से किया गया आयोजन

पुणे, सितंबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक, दक्षिण कमान, पुणे कार्यालय में दिनांक 16/09/2022 को प्रात: 11.45 बजे हिन्दी पखवाड़े के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन बड़ी ही गर्म जोशी और धूमधाम से किया गया।
उक्त कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, डॉ. राजीव चव्हाण, भा.र.ले.से., रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक महोदय का स्वागत श्रीमती पूजा भट, भा.र.ले.से., रक्षा लेखा वरिष्ठ उप नियंत्रक महोदया द्वारा पुष्पगुच्छ प्रदान कर किया गया। सभी भा.र.ले.से. अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया।
माननीय श्री अमित शाह, गृहमंत्री एवं सहकारिता मंत्री, भारत सरकार से प्राप्त हिन्दी दिवस संदेश का पठन श्रीमती पूजा भट, भा.र.ले.से., रक्षा लेखा वरिष्ठ उप नियंत्रक महोदया द्वारा किया गया तथा परम आदरणीय श्री अविनाश दीक्षित, रक्षा लेखा महानियंत्रक, दिल्ली से प्राप्त हिन्दी दिवस संदेश का वाचन श्री ओंकार मोघे, भा.र.ले.से., रक्षा लेखा उप नियंत्रक महोदय द्वारा किया गया।
अपने अध्यक्षीय भाषण में डॉ. राजीव चव्हाण, भा.र.ले.से., रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक महोदय ने कहा कि हिन्दी में कार्य करना आसान है केवल सभी को अपने मन की झिझक को दूर करना जरूरी है। राजभाषा संबंधी विविध खंडों व नियमों को आसानी से सभी को समझाते हुए केवल एक दिन या पखवाड़ा नहीं तो सम्पूर्ण वर्ष में हिन्दी में कार्यालयीन कार्य करने का आह्वान उन्होंने सभी को किया, जिससे हिन्दी को सही सम्मान मिले और उसकी सही पहचान बने। उन्होंने यह भी कहा कि दिनांक 16 से 29 सितंबर तक हिन्दी पखवाड़े के दौरान आयोजित विविध कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं में सभी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें और आश्वासन दिया कि कर्मियों की प्रतिभा के दर्पण के रूप में एक विशेष पखवाड़ा-पत्रिका प्रकाशित की जाएगी, जो विशेष रूप से सभी वरिष्ठ कार्यालयों को भेजी जाएगी। अनेक सटीक शेरों व कविताओं की पंक्तियों से सुशोभित अपने पांडित्यपूर्ण, हर्षोल्हास भरे, जोशीले व उत्साहपूर्वक  अभिभाषण से उन्होंने सभी को मंत्रमुग्ध किया और उनका सुयोग्य मार्गदर्शन किया। अंत में उन्होंने पुनः सभी से हिन्दी में अधिकाधिक कार्य करने, हस्ताक्षर व अभिवादन हिन्दी में ही करने का आह्वान भरी सभा में सभी को किया।
कार्यक्रम के अंत में श्री आलोक तिवारी, भा.र.ले.से., रक्षा लेखा सहायक नियंत्रक महोदय ने सभी उपस्थित व अनुपस्थित संबंधितों को धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का सूत्र संचालन डॉ. अनिल कुडिया, सहायक निदेशक (राजभाषा) द्वारा बेहद कुशाग्रतापूर्वक किया गया। हिन्दी में अधिकाधिक कार्य करने के संकल्प के साथ इस कार्यक्रम का समापन हुआ।
यह जानकारी पुणे रक्षा विभाग के जनसंपर्क अधिकारी श्री महेश अय्यंगार द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ