मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

पुणे रेल मंडल पर दिसंबर माह में 18 हज़ार से ज्यादा बिना टिकट लोगों पर जुर्माना

पुणे, जनवरी (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
पुणे रेल मंडल पर दिसंबर महीने में टिकट जांच के दौरान 18 हज़ार 234 लोगों को  बिना टिकट यात्रा करते पाया गया और उनसे 1 करोड़ 38 लाख रुपए से ज्यादा जुर्माना वसूल किया गया। इसी के साथ 5434 लोगों को अनियमित रूप से यात्रा करने पर 31 लाख 41 हज़ार रुपए जुर्माना लगाया गया जबकि बिना बुक किए गए सामान को ले जाते हुए 266 लोगों से 31 हज़ार रुपए जुर्माना  राशि वसूल की गई है। इस वर्ष अप्रैल से दिसंबर तक की 9 महीनों की अवधि में 2 लाख 56 हज़ार 42 मामलों में 18 करोड़ 34 लाख रुपए जुर्माने के रूप में वसूल किए गए। 
उक्त कार्रवाई मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती इन्दु दुबे के मार्गदर्शन में तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार सिंह एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मिलिंद हिरवे तथा मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. रामदास भिसे के समन्वय में टिकट जांच निरीक्षकों द्वारा की गई।  
रेल प्रशासन द्वारा इस प्रकार की टिकट जांच नियमित रूप से चलाई जा रही है। यात्रियों से अनुरोध किया जाता है कि वे उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें अन्यथा उन्हें रेल अधिनियम के तहत जुर्माना देना होगा तथा न भरने की स्थिति में जेल की सजा भी हो सकती है।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ