हड़पसर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में लगभग 150 करोड़ के किए गए विकास कार्य : शिवसेना शहर प्रमुख नाना भानगिरे
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की विशेष निधि के माध्यम से पूर्व सांसद शिवाजीराव आढलराव ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में विकास कार्यों पर जोर दिया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का विशेष ध्यान वाले उनके करीबी शिवसेना शहर प्रमुख नाना भानगिरे ने भी मुख्यमंत्री विशेष निधि के माध्यम से हड़पसर निर्वाचन क्षेत्र में करोड़ों की निधि उपलब्ध कराई है और विकास कार्य चल रहे हैं। इसके चलते फिलहाल यही लग रहा है कि शिवाजीराव आढलराव पाटिल और नाना भानगिरे क्रमश: शिरूर लोकसभा और हडपसर विधानसभा सीटों पर अपना दावा नहीं छोड़ेंगे।
हड़पसर, सितंबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क) लोकसभा के लिए महायुति का मिशन 48 है, इसलिए अगर जनमत परीक्षण में अन्य कोई और आगे आता है तो मैं शिरूर लोकसभा क्षेत्र पर अपना दावा छोड़ने के लिए तैयार हूं। यहां की तस्वीर जल्द ही केंद्रीय और राज्य नेतृत्व द्वारा स्पष्ट कर दी जाएगी। किसे कौन सी जगह चाहिए, यह महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि क्या उस जगह से वह उम्मीदवार चुनकर आने की क्षमता रखता है, इस पर गौर किया जाएगा। हमारे तीनों पक्ष मिलकर इसका फैसला लेंगे और जो फैसला देंगे उस पर अमल किया जाएगा। यह जानकारी मोहम्मदवाडी में आयोजित की गई पत्रकार वार्ता में पूर्व सांसद शिवाजीराव आढलराव पाटिल ने दी।
शिवसेना (शिंदे गुट) हड़पसर विधानसभा चुनाव क्षेत्र में शिवसैनिक समीक्षा बैठक मोहम्मदवाड़ी में आयोजित की गई थी, तब पत्रकारों को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद शिवाजीराव आढलराव बोल रहे थे। इस अवसर पर यहां शिवसेना पुणे शहर प्रमुख प्रमोद नाना भानगिरे, पुणे जिला प्रमुख भगवान पोखरकर, युवासेना पुणे उपशहरप्रमुख काका पवार, पुणे उपशहर प्रमुख संतोष रजपूत, विकी माने, विभाग प्रमुख अभिमन्यु भानगिरे, सचिन तरवडे, अक्षय तारू, अमर घुले, खन्नासिंह कल्याणी, गोरख काले, शाखा प्रमुख संतोष जाधव आदि के साथ मतदार संघ की महिला आघाडी, युवासेना के विविध पदाधिकारी और शिवसैनिक उपस्थित थे।
पूर्व सांसद शिवाजीराव आढलराव पाटिल ने आगे बोलते हुए कहा कि जब से राज्य में शिंदे सरकार आई है तब से सरकार एक्टिव मोड पर है। ट्रिपल इंजिन की यह सरकार आम जनता के लिए कार्य कर रही है। राज्य का समग्र विकास हो रहा है। पुणे शहर में शिवसेना का कार्य हमारे शिवसेना पुणे शहर प्रमुख प्रमोद नाना भानगिरे के नेतृत्व में बहुत ही प्रभावी ढंग से जारी है। उन्होंने पार्टी को मजबूत करने का काम किया है, जिसका निश्चित रूप से आनेवाले चुनाव में पार्टी को बहुत लाभ होगा।
शिवसेना पुणे शहर प्रमुख प्रमोद नाना भानगिरे ने कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की विशेष निधि के माध्यम से मतदार संघ में विकास कार्य प्रगति पथ पर है। हड़पसर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 150 करोड़ से अधिक निधि के जरिए वैकल्पिक सड़कें, स्विमिंग पूल, उद्यान, स्वास्थ्य सुविधा, अंतर्राष्ट्रीय स्केटिंग स्टेडियम, पार्क, बच्चों के पार्क जैसे विकास कार्य जोरों पर जारी हैं। हड़पसर की यातायात सुचारु हो इस हेतु फातिमानगर से 15 नंबर तक सीधा फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण होना चाहिए, इसकी अनुवर्ती केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की जा रही है। पुणे महानगरपालिका में नये से शामिल किए गए गांवों का विकास, नागरी मूलभूत सुविधा, विविध परियोजना पर अमल करने का काम शिवसेना के माध्यम से जारी है।

0 टिप्पणियाँ