मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के हाथों सीआईआरटी के हीरक जयंती वर्ष व लोगो का अनावरण, नागपुर में हुआ शुभारंभ

1967 से स्थापित सीआईआरटी ने 60वें वर्ष में किया प्रवेश, पुणे में होंगे भव्य कार्यक्रम, सड़क सुरक्षा व वाहन साइबर सुरक्षा पर रहेगा विशेष ध्यान


केंद्रीय सड़क परिवहन संस्थान (सीआईआरटी) ने अपनी स्थापना के 60वें वर्ष में प्रवेश किया है। वर्ष 2026-27 के दौरान संस्थान द्वारा हीरक जयंती वर्ष मनाया जाएगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी के हाथों नागपुर में सीआईआरटी के हीरक जयंती वर्ष का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर हीरक जयंती वर्ष के लोगो का भी अनावरण किया गया।

सीआईआरटी के हीरक जयंती लोगो में 'सुरक्षित एवं संरक्षित परिवहन सुनिश्चित करना' की संकल्पना को प्रमुखता दी गई है। सड़क सुरक्षा, सुरक्षित परिवहन, तकनीकी नवाचार तथा भविष्य की परिवहन व्यवस्था पर संस्थान का विशेष ध्यान रहेगा।

सीआईआरटी के निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने पुणे स्थित सीआईआरटी में आयोजित होने वाले हीरक जयंती वर्ष के मुख्य कार्यक्रम के उद्घाटन के लिए उन्हें आमंत्रित किया। इस अवसर पर उन्हें औपचारिक निमंत्रण पत्र और विशेष निमंत्रणिका प्रदान की गई।

प्रतिनिधिमंडल में सीआईआरटी के निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह, तकनीकी सचिवालय के प्रमुख शेखर ढोले, ऑटोमोटिव साइबर सुरक्षा के प्रमुख फारुख मखदूम तथा अनुसंधान एवं सलाहकार सेवा के प्रमुख उमेश सूर्यवंशी शामिल थे।

हीरक जयंती वर्ष के दौरान पुणे में भव्य उद्घाटन समारोह, वाहनों के बीच संचार तकनीक पर राष्ट्रीय कार्यशाला, वाहन साइबर सुरक्षा परीक्षण प्रयोगशाला का उद्घाटन तथा वाहन निर्माताओं के लिए परीक्षण एवं प्रमाणन कार्यशाला सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके अलावा विद्यार्थियों और युवा पेशेवरों के लिए वाहन साइबर सुरक्षा कौशल विकास कार्यक्रम, तकनीकी कार्यशालाएं, ज्ञान श्रृंखला, यात्री सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता अभियान तथा सड़क सुरक्षा माह के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सीआईआरटी की छह दशकों की यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों को भी सम्मानित किया जाएगा।

वर्ष 1967 से सीआईआरटी ने भारत के सड़क परिवहन क्षेत्र में वाहन परीक्षण, प्रमाणन, अनुसंधान, सलाहकार सेवाओं और प्रशिक्षण के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हीरक जयंती वर्ष के माध्यम से अधिक सुरक्षित, संरक्षित, तकनीक आधारित और टिकाऊ सड़क परिवहन व्यवस्था के निर्माण की दिशा में नए प्रयासों को गति दी जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ