मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

900 करोड़ रुपए के घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने पूर्व सांसद आनंदराव अडसूल के घर पर मारा छापा


प्रवर्तन निदेशालय ने शिवसेना के पूर्व सांसद आनंदराव अडसूल के घर पर सोमवार सुबह छापा मारा है। प्रवर्तन निदेशालय की टीम पूर्व सांसद से पूछताछ कर ही रही थी कि उन्होंने अपनी तबीयत खराब होने की बात कही, जिसके बाद एम्बूलेंस बुलाकर केंद्रीय जांच टीम ने उन्हें गोरेगांव के लाइफ केयर हॉस्पिटल में एडमिट करवाया है। प्रवर्तन निदेशालय टीम ने आनंदराव से तीन से चार घंटे की पूछताछ की है और उनके घर से कई दस्तावेज, मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त किए हैं। वहीं, आनंदराव का बेटा अभिजीत अडसूल ने कहा कि वह सभी जांच के लिए तैयार हैं। अभिजीत ने यह भी कहा है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए। राजनीति से प्रेरित होकर मामले की जांच नहीं होनी चाहिए। आनंदराव के खिलाफ बडनेरा से विधायक रवि राणा ने शिकायत दर्ज करवाई थी। भाजपा विधायक रवि राणा ने बताया कि कि यह भ्रष्टाचार तब हुआ जब आनंदराव अडसूल सिटी बैंक के अध्यक्ष थे।
प्रवर्तन निदेशालय के एक अधिकारी ने बताया कि आनंदराव अडसुल को हिरासत में लेकर हम प्रवर्तन निदेशालय ऑफिस आने वाले थे, हालांकि, उनकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें गोरेगांव के एक हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है।
आनंदराव अडसूल पर सिटी को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष रहने के दौरान 900 करोड़ रुपये के गबन का आरोप है। ईडी ने उन्हें और उनके बेटे अभिजीत अडसूल को इस संबंध में समन जारी कर सोमवार सुबह 8 बजे पूछताछ के लिए तलब किया था। हालांकि, निजी कारणों का हवाला देते हुए आनंद राव ने पेशी से छूट मांगी थी, जिसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारी आनंदराव के कांदिवली स्थित आवास पर पहुंचे और उनसे, उनके बेटे से पूछताछ की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ