चिकित्सा विभाग द्वारा पूरे शहर में घर-घर दौरा, निरीक्षण, उपचार व जागरूकता
पिंपरी, दिसंबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)पिंपरी चिंचवड महानगरपालिका के चिकित्सा विभाग की ओर से 17 नवंबर से 2 दिसंबर अवधि के दौरान ‘कुष्ठरोग अनुसंधान अभियान’ प्रभावी रूप से लागू किया गया। स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मण गोफणे के नेतृत्व में चलाए गए इस पूरे मुहिम का मकसद शहर के लोगों में कुष्ठरोग के बारे में जागरूकता कराना, मरीज़ों की पहचान करना और समय पर इलाज देना था।
चिकित्सा विभाग ने पूरे शहर की अलग-अलग बस्तियां, झुग्गी-झोपड़ियों, घनी आबादीवाले इलाकों, आर्थिक रूप से कमजोर क्षेत्रों और संवेदनशील क्षेत्रों में में घर-घर जाकर लोगों की निरीक्षण किया। मुहिम के दौरान दल ने त्वचा के दाग, संवेदना की कमी, झुनझुनी, सूजन या कुष्ठरोग के किसी भी अन्य संभावित लक्षणवाले नागरिकों की बारीकी से जांच की। संदिग्ध मरीज़ों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिए गए साथ ही आगे मार्गदर्शन दिया गया।
महानगरपालिका के इस व्यापक अभियान के कारण कुष्ठरोग के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ी है और लक्षणवाले कई नागरिकों ने अपनी मर्ज़ी से निरीक्षण करवाया है। चिकित्सा विभाग द्वारा मुहिम के दरम्यान समुपदेशन, उपचार, मार्गदर्शन एवं फॉलो-अप पर विशेष जोर दिया गया है। शहर के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए महानगरपालिका लगातार प्रयासरत है और नागरिकों को ऐसी पहलों में बड़े पैमाने पर सहयोग करना चाहिए, यह अपील भी इस अवसर पर की गई।
इस मुहिम के लिए चिकित्सा विभाग की ओर से कुल 212 लोगों का दस्ता तैनात किया गया था, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सक, सुपरवाइज़र, प्रशिक्षित आशा स्वयंसेविका के साथ-साथ पुरुष स्वयंसेवक शामिल थे। सहायक स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंजली ढोणे के मार्गदर्शन में इस दल ने कुल 79,177 घरों का प्रत्यक्ष दौरा किया और करीब 3,61, 854 व्यक्तियों की जांच की। सर्वेक्षण के दौरान 11 मरीज़ों में कुष्ठ रोग का पता चला। संदिग्ध मरीज़ों को तुरंत प्राथमिक उपचार और आगे का मार्गदर्शन दिया गया।
कुष्ठरोग का नियंत्रण करने के लिए प्रारंभिक निदान और तुरंत इलाज सबसे असरदार तरीके हैं। निगम के चिकित्सा विभाग इस अभियान के दौरान जिस अनुशासित तरीके से सर्वेक्षण किए गए और नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं दी गईं, उनकी जितनी तारीफ़ की जाए कम है। नगर निगम नागरिकों की स्वास्थ्य ज़रूरतों को समझते हुए, इस तरह की पहल को और बड़े पैमाने पर जारी रखेगा। यह जानकारी पिंपरी चिंचवड महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त विजयकुमार खोराटे ने दी।
कुष्ठरोग के लक्षण अक्सर मामूली लगते हैं, लेकिन अगर इन्हें नज़रअंदाज़ किया जाए तो बीमारी बढ़ सकती है, इसलिए चिकित्सा दल द्वारा प्रत्यक्ष लोगों तक जाकर किया गया सर्वेक्षण बहुत अहम था। जांच, उपचार एवं समुपदेशन इन तीनों मुद्दों से हमने शहर की कुष्ठरोग मुक्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाएं हैं। यह जानकारी पिंपरी चिंचवड महानगरपालिका के स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मण गोफणे ने दी है।

0 टिप्पणियाँ