खराडी में मॉडिफाइड साइलेंसर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 45 बुलेट सहित कई दोपहिया वाहन जब्त, साइलेंसर बुलडोजर से नष्ट
पुणे शहर के खराडी क्षेत्र में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखों जैसी कर्णकर्कश आवाज निकालने वाले बुलेट सवारों के खिलाफ खराडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नागरिकों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 45 बुलेट मोटरसाइकिलों सहित अन्य दोपहिया वाहनों पर कार्रवाई की।
नागरिकों की शिकायतों पर कार्रवाई
खराडी पुलिस को पिछले कुछ समय से क्षेत्र के रहिवासी नागरिकों की ओर से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि कुछ युवक अपनी बुलेट मोटरसाइकिलों में कंपनी द्वारा लगाए गए मूल साइलेंसर हटाकर मॉडिफाइड साइलेंसर लगा रहे हैं। इन साइलेंसरों से पटाखों जैसी तेज आवाज निकलती थी, जिससे इलाके में दहशत और असुविधा का माहौल बन रहा था।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय चव्हाण के मार्गदर्शन में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
पेट्रोलिंग के दौरान सापळा रचकर की कार्रवाई
पुलिस उपनिरीक्षक राहुल कोळपे के नेतृत्व में जांच टीम — महेश नाणेकर, नवनाथ वाळके, सचिन पाटिल, साहेबराव गुंडाळे, संतोष लवटे, विलास केदारी, अशोक केदारी, श्रीकांत कोड़े और सुरज जाधव — ने क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान सापळा रचकर कार्रवाई की।
इस दौरान पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले 45 बुलेट मोटरसाइकिलों सहित अन्य दोपहिया वाहनों को पकड़ा गया। सभी संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
मॉडिफाइड साइलेंसर हटाकर किए नष्ट
कार्रवाई के दौरान वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर निकालकर उनकी जगह कंपनी के मूल साइलेंसर पुनः लगाए गए। जब्त किए गए मॉडिफाइड साइलेंसरों को बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया गया, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में खराडी पुलिस स्टेशन की सीमा में कोई भी मोटरसाइकिल सवार इस प्रकार पटाखों जैसी कर्णकर्कश आवाज करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह संपूर्ण कार्रवाई पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, सह पुलिस आयुक्त रंजनकुमार शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त (पूर्व प्रादेशिक विभाग) मनोज पाटिल, पुलिस उपायुक्त (ज़ोन-7) सोन्या मुंडे, सहायक पुलिस आयुक्त (खराडी विभाग) प्रांजलि सोनवणे तथा वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय चव्हाण के मार्गदर्शन में की गई।

0 टिप्पणियाँ